ओपन टेनिस क्रिकेट में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुए सत्यम दास महंत
क्रिकेट U-17 में लिलेश, मेहुल चौधरी और अंकित का संभाग स्तरीय चयन, कोतरा स्कूल ने फिर लहराया परचम
रायगढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोतरा ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। विद्यालय के कक्षा 12वीं के विद्यार्थी सत्यम दास महंत का चयन ओपन टेनिस क्रिकेट में राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 11 सितंबर 2025 को पुरी (उड़ीसा) में आयोजित होगी।

इसके साथ ही विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ी – लिलेश, मेहुल चौधरी (कक्षा 9वीं) और अंकित – का चयन क्रिकेट U-17 में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन उपलब्धियों ने विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
इन सफलताओं के पीछे विद्यालय के पीटीआई शांतनु राय (गोल्ड मेडलिस्ट) का विशेष योगदान रहा है। उनके निरंतर परिश्रम, मार्गदर्शन और खेलों के प्रति जुनून ने विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास को बढ़ाया।
इस अवसर पर अंग्रेजी माध्यम के नोडल व्याख्याता वीर सिंह ने कहा कि “लगन और मेहनत से सब कुछ संभव है। सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो विद्यार्थी शिक्षा और खेल दोनों में अपनी चमक बिखेर सकते हैं।”
अंग्रेजी माध्यम की एच.ओ.डी.शांति मिश्रा ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि “यह विद्यालय और क्षेत्र दोनों के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि ये विद्यार्थी आगे और ऊँचाइयों को छूएंगे।”
विद्यालय के प्राचार्य आर.सी. नवनीत ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
साथ ही, कक्षा 12वीं के कक्षा अध्यापक विजया लक्ष्मी साहू, समस्त कक्षा अध्यापक एवं विद्यालय के सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दीं। पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है।
इन सफलताओं ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले में उत्साह और गौरव का संचार किया है। यह उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और खेल दोनों में नई प्रेरणा देंगी।