महापल्ली स्कूल में ऑटोमोबाइल्स टेक्निकल का दिया गया प्रशिक्षण

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्य. विद्या. महापल्ली में आज दिनांक 23.10.2024 को प्राचार्य सुश्री जे. सुजाता राव के मार्गदर्शन में अतिथि शिक्षण का कार्य रायगढ़ के शारदा होंडा के अनुभवी स्टाफ सिद्धार्थ साहू (सेल्स एग्जीक्यूटिव) एवं संतोष पटेल (टेक्नीशियन)

के द्वारा संपन्न कराया गया। बच्चों को ऑटोमोबाइल बाइक्स और स्कूटी में विभिन्न टेक्नोलॉजी और सर्विसिंग के कार्य की जानकारी दी गयी। होंडा कंपनी के अलग-अलग मॉडल के टू व्हीलर के बारे में बताया उनकी विशेषताएं बताई और एक अच्छे सेल्समैन के रोल के बारे में भी जानकारी दी गयी। डीलरशिप के अंतर्गत सेल्स पर्सन के रोल और विभिन्न कार्यों का भी विवरण बच्चों को प्रस्तुत किया गया।

विद्यालय में वर्ष 2018 से व्यावसायिक विषय के रूप में ऑटोमोबाइल ट्रेड संचालित है जिसमें बच्चों को रोजगार सृजन और स्वरोजगार हेतु प्रेरित करने संबंधी शिक्षा दी जाती है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत व्यावसायिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है जिसमें बच्चों के भविष्य निर्माण में कौशल विकास महत्वपूर्ण पहलू है। व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत बच्चों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है। वर्तमान में विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षा में अध्यापन किए हुए बच्चे ऑटोमोबाइल के अलग-अलग संस्थाओं में कार्यरत हैं या स्वयं का गैरेज भी चला रहे हैं।

विद्यालय प्राचार्य के अनुसार कौशल विकास बच्चों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है जो बच्चों को रोजगार पर निर्भर रहने के बजाय स्वरोजगार के विकल्प देती है जिसमें विद्यालय में संचालित व्यावसायिक शिक्षा का अहम योगदान है इस तरह की योजनाएं समस्त विद्यालयों में चलाये जाने पर जोर दिया जाना चाहिए।

इस दौरान अतिथि शिक्षण के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षक मोहन साहू एवं विद्यालय परिवार के द्वारा अतिथि शिक्षक सिद्धार्थ साहू एवं संतोष पटेल का विशेष आभार व्यक्त किया गया।