घरघोडा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सुनील सिंह ठाकुर से ऑनलाइन बातचीत

सुनील सिहं ठाकुर ने रखा घरघोड़ा की समस्याएं

मुख्यमंत्री ने नगर विकास के लिए दी महत्वपूर्ण घोषणाएं

रायगढ़, 31 जनवरी: छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल ऑनलाइन माध्यम से घरघोड़ा नगर पंचायत चुनाव के भाजपा प्रत्यासी सुनील सिंह ठाकुर से संवाद कर उनकी समस्याओं और विकास की आवश्यकताओं को सुना। इस दौरान सुनील सिंह ठाकुर ने नगर की विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और समाधान की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया और नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई।

नगर विकास की मांगों पर चर्चा

घरघोड़ा की जनता ने इस संवाद के दौरान कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिनमें बगमुडा तालाब की बदहाल स्थिति से निजात पाने, नगर में आबादी भूमि पट्टा वितरण, 2 करोड़ रुपये की लागत से मंगल भवन का निर्माण, माइनिंग कॉलेज की स्थापना, उद्यान निर्माण, कुरकुट नदी से जल आपूर्ति के लिए बड़े टंकी निर्माण की आवश्यकता, सड़क एवं नाली व्यवस्था सुधार और नगर में बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करने जैसी मांगें प्रमुख रहीं।

सुनील सिंह ठाकुर ने बताया कि बगमुडा तालाब की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है और इसके जीर्णोद्धार की तत्काल आवश्यकता है। साथ ही, नगर में कई जरूरतमंद परिवार भूमि पट्टा से वंचित हैं, जिससे उनके जीवनयापन में कठिनाई हो रही है। जिसके कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नही मिल पा रहा है , मंगल भवन की मांग लंबे समय से की जा रही थी ताकि नगर में सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक उपयुक्त स्थल उपलब्ध हो सके।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को लेकर दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और आश्वासन दिया कि सरकार नगर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि बगमुडा तालाब के जीर्णोद्धार के लिए शीघ्र ही एक कार्ययोजना बनाई जाएगी, ताकि इसे पुनः उपयोगी और स्वच्छ बनाया जा सके।

आबादी भूमि पट्टा वितरण की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को भूमि का स्वामित्व मिल सके। मंगल भवन निर्माण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग जल्द किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को एक बहुउद्देश्यीय भवन की सुविधा मिल सके।

माइनिंग कॉलेज की स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र खनिज संपदा से भरपूर है और यहां माइनिंग से जुड़े तकनीकी शिक्षा संस्थान की आवश्यकता है। सरकार इस पर विचार कर उचित कदम उठाएगी।

नगर की जल आपूर्ति और आधारभूत संरचना में सुधार

मुख्यमंत्री ने कुरकुट नदी से जलापूर्ति की मांग को उचित ठहराते हुए कहा कि वार्डों में पानी की समस्या को दूर करने के लिए एक बड़ी टंकी का निर्माण किया जाएगा। यह टंकी नगर के विभिन्न हिस्सों में जल आपूर्ति को बेहतर बनाने में सहायक होगी।

साथ ही, सड़क, नाली और बिजली व्यवस्था के सुधार के लिए भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता के पश्चात निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति सुधारने और नगर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शीघ्र कार्य किया जाएगा।

नगरीय विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार जनहित को प्राथमिकता देती है और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि योजनाओं को जल्द से जल्द मूर्त रूप दिया जा सके।

मुख्यमंत्री की इस ऑनलाइन बैठक से घरघोड़ा नगरवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने सरकार की तत्परता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। नगर के विकास को लेकर मिली इस सकारात्मक प्रतिक्रिया से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में घरघोड़ा को एक आधुनिक और सुविधासंपन्न नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।

Pingal Baghel

मेरा नाम Pingal Baghel है, मैं IND36 NEWS का संपादक और संस्थापक हूँ!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button