Latest News

रक्तशक्ति महाअभियान के तहत धरहर गांव में रैली निकाली गई, एनीमिया की जांच के लिए प्रेरित किया

गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा “रक्तशक्ति महाअभियान” के तहत चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जोर पकड़ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत धरहर में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ग्रामवासियों को एनीमिया की जांच के लिए प्रेरित किया। जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल के तहत 13 वर्ष से 45 वर्ष तक की सभी महिलाओं का हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट किया जाएगा। इसके लिए 26 जून को जिले भर के पंचायत भवनों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जांच टीमों द्वारा एचबी टेस्ट किए जाएंगे। ग्राम पंचायत धरहर में निकाली गई इस रैली में महिला स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को उजागर किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन और बैनर लिए गांव की गलियों में घूमकर महिलाओं को एनीमिया से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के बारे में बताया। रैली के दौरान महिलाओं को बताया गया कि शरीर में आयरन की कमी होने से कमजोरी, थकावट, चक्कर आना जैसी समस्याएं हो सकती हैं, और समय रहते जांच व उपचार जरूरी है।

जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर गांव में जागरूकता रैलियां, पोस्टर-बैनर, माइकिंग और घर-घर संपर्क जैसे विभिन्न उपाय अपनाए जा रहे हैं। धरहर की यह रैली उसी कड़ी का हिस्सा थी, जिसमें ग्राम की महिलाओं ने भी आगे आकर एक सशक्त संदेश दिया। “रक्तशक्ति महाअभियान” के माध्यम से जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य की स्थिति को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल से महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विश्वास भी पनप रहा है।

Pingal Baghel

मेरा नाम Pingal Baghel है, मैं IND36 NEWS का संपादक और संस्थापक हूँ!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button