घरघोड़ा के इतिहास, वर्तमान और भविष्य पर केंद्रित पुस्तक का हुआ विमोचन

अधिवक्ता शंखदेव मिश्रा द्वारा लिखित पुस्तक “कल, आज और कल” का विमोचन साईं मंदिर मे एक भव्य समारोह में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक लालजीत सिंह राठिया के अतिथिय् मे संपन्न हुआ, एवं उन्होंने पुस्तक का औपचारिक विमोचन भी किया। यह पुस्तक घरघोड़ा के भूतकाल, वर्तमान और भविष्य पर केंद्रित है, जिसमें स्थानीय इतिहास, विकास और संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई है।

पुस्तक विमोचन समारोह में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, बुद्धिजीवी, अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शंखदेव मिश्रा की लेखनी की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक घरघोड़ा की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को समझने में सहायक होगी।

मुख्य अतिथि विधायक लालजीत सिंह राठिया ने अपने संबोधन में कहा, “यह पुस्तक न केवल घरघोड़ा के अतीत को समझने में मदद करेगी, बल्कि वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को भी दर्शाती है। शंखदेव मिश्रा ने ऐतिहासिक तथ्यों और अनुभवों को आधार बनाकर एक महत्वपूर्ण कृति प्रस्तुत की है।”

लेखक शंखदेव मिश्रा ने अपनी पुस्तक के बारे में बताते हुए कहा कि इस पुस्तक को लिखने का उद्देश्य घरघोड़ा के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान परिस्थितियों और आने वाले कल की संभावनाओं को एकत्रित करना था। उन्होंने आशा जताई कि यह पुस्तक क्षेत्र के लोगों को अपने अतीत से जोड़ने और भविष्य के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगी।

समारोह के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार रखे और लेखक को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों को पुस्तक की प्रतियां भी भेंट की गईं। इस पुस्तक विमोचन कार्यक्रम ने साहित्य और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों को एक सार्थक संवाद का अवसर प्रदान किया।