घरघोड़ा न्यायालय में लोक अदालत का सफल आयोजन, कई प्रकरणों का हुआ निपटारा

घरघोड़ा। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला एवं सत्र न्यायालय घरघोड़ा परिसर में लोक अदालत का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के लंबित तथा प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का आपसी सहमति और राजीनामा के आधार पर निराकरण किया गया।
लोक अदालत के दौरान पीठासीन अधिकारी अभिषेक शर्मा के न्यायालय में मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण से संबंधित 3 प्रकरणों का राजीनामा के आधार पर निपटारा किया गया। इसके अलावा व्यवहार न्यायालय से कुल 8 प्रकरणों का निराकरण हुआ। वहीं जिला एवं सत्र न्यायालय घरघोड़ा में 3 क्लेम प्रकरण तथा कुटुंब न्यायालय से संबंधित 1 प्रकरण का भी सफलतापूर्वक समाधान किया गया।
लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के अंतर्गत कुल 1,36,351 प्रकरणों का निपटारा करते हुए लगभग 32,47,200 रुपये की राशि का आपसी सहमति से सैटलमेंट किया गया।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने राजीनामा करने वाले पक्षकारों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से न केवल मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान होता है, बल्कि न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।
लोक अदालत के सफल आयोजन से पक्षकारों में संतोष का वातावरण देखने को मिला और न्यायालय परिसर में सकारात्मक माहौल बना रहा।




