Latest News

मल्टीपल सलेक्शन से खाली रह गए पद, अभ्यर्थियों ने पूरी भर्ती करने की मांग उठाई

छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती 2023-24 में कुल 5967 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब एक नया विवाद सामने आया है। भर्ती में अपनाई गई मल्टीपल सिलेक्शन प्रक्रिया के कारण लगभग 1800 से 2000 पद रिक्त रह जाने का दावा अभ्यर्थियों द्वारा किया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर हजारों अभ्यर्थियों ने प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा तथा पुलिस विभाग से शेष पदों को भरने की मांग करते हुए गुहार लगाई है।

Oplus_16908288

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने इस भर्ती के लिए वर्षों तक कठिन परिश्रम किया है। कई युवाओं ने अपनी आजीविका तक छोड़कर दिन-रात तैयारी की, ग्राउंड में पसीना बहाया और लिखित परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत की। बावजूद इसके, मल्टीपल सिलेक्शन प्रक्रिया के चलते अनेक योग्य और मेहनतकश अभ्यर्थी अंतिम चयन सूची से बाहर हो गए, जिससे उनमें गहरा आक्रोश और निराशा देखी जा रही है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कई उम्मीदवारों का एक से अधिक स्थानों पर चयन हो जाने के कारण वास्तविक रिक्तियां उत्पन्न हुईं, लेकिन इन पदों को भरने के लिए अब तक कोई नई चयन सूची जारी नहीं की गई है। इससे बड़ी संख्या में ऐसे उम्मीदवार वंचित रह गए हैं, जो मेरिट में होने के बावजूद चयनित नहीं हो सके।
इस बीच अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट बिलासपुर द्वारा राज्य शासन (गृह विभाग) और पुलिस विभाग को दो माह के भीतर सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार और विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए शीघ्र ही दूसरी चयन सूची जारी की जाए।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ नौकरी का मामला नहीं, बल्कि उनके भविष्य और वर्षों की मेहनत का सवाल है। वर्तमान में सभी अभ्यर्थियों की नजरें गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय पर टिकी हुई हैं। यदि शेष रिक्त पदों को भरने के लिए नई सूची जारी की जाती है, तो हजारों युवाओं को राहत मिल सकती है और भर्ती प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का भी समाधान संभव हो सकेगा।

Pingal Baghel

मेरा नाम Pingal Baghel है, मैं IND36 NEWS का संपादक और संस्थापक हूँ!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button